शुक्रवार, जुलाई 01, 2005

मित्र तुम कितने भले हो!

हिंदी चिट्ठाजगत दिन-प्रतिदिन समृद्ध हो रहा है। इस बीच हिंदी चिट्ठाजगत में निम्नलिखित नये चिट्ठे जुड़े -


सभी चिट्ठाकारों का हिंदी चिट्ठा जगत में हार्दिक स्वागत है। आशा है इन चिट्ठाकारों को नियमित रूप से अपने विचार प्रकट करने का पर्याप्त समय मिलेगा जो कि हिंदी चिट्ठाजगत को समृद्ध करेगा।

चर्चा की शुरुआत अक्षरग्राम से। दसवीं अनुगूँज का विषय था - चिट्ठी। आयोजक रवि रतलामी ने बड़ी खूबसूरती से अवलोकनी चिट्ठा लिखा। ग्याहरवी अनुगूँज का विषय दिया गया है - माजरा क्या है? खबर लिखे जाने तक केवल चार लोगों ने पोस्ट लिखी थी। अक्षरग्राम पर दूसरी प्रमुख खबर रही हिंदी के पहले चिट्ठाकार सम्मेलन की खबर। अतुल-रमणकौल मिलन के साथ-साथ स्वामीजी के साथ टेलीसम्मेलन हुआ। बाद में इसकी खबर इधर-उधर भी छपी। भारत सरकार द्वारा हिंदी के फॉण्ट जारी करने की खबर भी मुख्य आकर्षण रही ।

सारिका सक्सेना ने अनकही बातें कहनी शुरु की। परिचय दिया - दो कविताओं के बाद। अपने बारे में लिखने के बाद मित्र को याद किया :

तुम वो नहीं जो साथ छोड़ो;
या मुश्किलों में मुंह को मोड़ो।
राह के हर मील पर तुम,
निर्देश से बनकर खड़े हो।
मित्र तुम कितने भले हो!


रमन को लगता है कि अप्रेजल के बाद कुछ अर्थलाभ हुआ है तभी ये बंटी और बबली देख के आये तथा बताये कि कुल मिला के सब कुछ बहुतै बढ़िया... एकदम टोटल टाईमपास।

शैल ने नाटक होने की सूचना तो दी लेकिन यह नहीं बताया कि नाटक कैसा हुआ था। "माजरा क्या है?" पर लेख भी लिखा।


रमण कौल ने अपना अड्डा बदला तो उन्हें दिखे तूफान के बच्चे तो ये भाग के पहुंचे अतुल के पास मुलाकात करने के लिये। वहीं बात भी हुई स्वामीजी से। अमेरिकी जीवन में सामाजिक सुरक्षा नंबर की क्या अहमियत होती है यह रमण बताते हैं।

स्वामी जी ने इजाद किया है हग दो। क्रांतिकारी अविष्कार है यह हिंदी चिठ्ठाकारी के लिए। लगता है जल्द ही सारे वर्डप्रेस से चलने वाले चिठ्ठो पर अब टिप्पणियाँ काट के नही चिपकानी पड़ेंगी। स्वामीजी कहानी लिखते भले न हों पर समझ काफी रखते हैं यह बताया इन्होंने चिट्ठी कहानी की समीक्षा करके । अनुगूँज पर स्वामीजी ने सारगर्भित लेख लिखे ।

धनंजय शर्मा ने अपना परिचय देते हुये कविता-प्रतिकविता लिखी।

गुरु गोविंद में माँ पर लंबी कविता पढ़ने को मिली।

रवि रतलामी से ज्ञानवर्धक यशोगान सुनिए ऑपेरा का। सुर मिलाएँ ऑपेरा के साथ। चौंकिए नही अपने रवि भाई ऑपेरा ब्राऊजर की बात कर रहे हैं, उस नाट्य कला की नही जिसका मजाक दिल चाहता है में आमिर खान ने उड़ाया था।

ज्ञान-विज्ञान में हरीश अग्रवाल का विज्ञान से जुड़ा एक लंबा लेख छपा। प्राचीन विज्ञान के बारे में बताने के बाद यह जानकारी कि प्रेट्रोल के संभावित विकल्प की जानकारी दी गई।

एक धुँआधार लेखक हैं तरूण। थोड़ा सा गड़बड़झाला हो गया वरना बुनो कहानी की कड़ी इन्होने अच्छी बढायी थी। खैर अगली कहानी शायद तरूण ही शुरू करें। वैसे तब आप कुमाउंनी होली के रंग देखिए।

देवाशीष ने काफी दिन बाद लिखना शुरु किया तो शुरुआत में ही चापलूसी की हद कर दी। सृजनात्तमकता और गुणता नियंत्रण में बताया "जब आत्ममुग्धता सृजनात्मकता पर हावी हो जाये तो गुणवत्ता की तो वाट लगनी ही है"। परिवारवाद चलाने के लिये इमेज बिल्डिंग की प्रकिया की जानकारी भी मुहैय्या कराई।

प्रत्यक्षा सिन्हा को मौन की बोली अच्छी लगती है जो उन्हें भीने लम्हों तक पहुँचाती है -

तुम्हारे खत में ताज़ा है अभी भी प्यार की खुशबू
इन भीने लम्हों से अब भी कहाँ बोलो रिहाई है


तथा उनकाहृदय भर आता है -

लिया जब नाम प्रियतम का
हृदय कुछ और भर आया


राजेश ने कल्पवृक्ष के अलावा छाया ब्लाग शुरु किया ।शायद वह गद्य-पद्य के लिये अलग-अलग ब्लाग रखना चाहते हैं। शुरुआत में बंदरलैम्पंग का विवरण दिया है -
इस शहर में, हर शख्‍स, हमसे अन्‍जान क्‍यों है ?


कुत्ते चले फिल्म की ओर लिखकर न जाने कहाँ चले गये विपिन श्रीवास्तव।

बुनो कहानी एक बार फिर कनपुरिया कहानी हो गयी। पहला भाग लिखा अतुल ने दूसरा गोविंद उपाध्याय ने। अब यह तय नहीं हो पा रहा है कि कहानी खत्म हो गयी या अभी तीसरा भाग लिखेगा कोई!

"फ्रैंच फ़ैशन ग्रुप मिनैली" कम्पनी श्री राम के चित्र को जूतों पर अंकित कर बाज़ार में बेच रहा है।

यह समाचार महावीर शर्मा ने बताया तथा पूछा - क्या हम चुप रहें? अन्ततोगत्वा फ्रैंच कम्पनी ‘मिनैली’ ने अपने जूतों की बिक्री पर रोक लगा दी। "माजरा क्या है" के अंतर्गत महावीर शर्मा ने दूसरी पोस्ट भी लिख दी - जाने अजाने गीत के बाद ।

कोशल अधिक दिन टिक नहीं सकता
कोशल में विचारों की कमी है।


श्रीकांत वर्मा की कविताओं से अपने ब्लाग लेखन की शुरुआत करने वाले मनोजने अभी तक दूसरों के उद्धरण देकर अपनी सोच को साफ करने की शुरुआत की है। आशा है आगे कुछ मामला और साफ होगा।

मानसी की प्रेम की व्यथा किसी के आने पर खतम हो गयी और रोशनी दिखी उन्हें -

तेरे आने से ज़िन्दगी देखी
अंधेरों में कहीं रोशनी देखी


अनूप भार्गव अपने सबसे पसंदीदा शेर से बात शुरु करते हैं -

कल रात एक अनहोनी बात हो गई
मैं तो जागता रहा खुद रात सो गई ।


फिर वे गीतिका लिखते हैं -

परिधि के उस पार देखो
इक नया विस्तार देखो ।

तूलिकायें हाथ में हैं
चित्र का आकार देखो ।


परिधि तथा केन्द्र से कुछ ज्यादा ही लगाव है अनूप भार्गव को यह इनकी कविताओं से लगता है।

शशि सिंह पर्दे पर कश की कशमकश की बात करते हुये, विक्षिप्त वर्तमान की बात करते हुये बताते हैं कि कानून आम तथा खास के लिये कैसे अलग है।

आशीष आजकल काफी लिख-पढ़ रहे हैं। श्रद्धा के पात्र बाबू में वे लिखते हैं:-

ज़्यादातर दफ़्तरी बाबुओं का नाम सुनकर डर सा ही लगता है या फिर एक चिढ़ सी होती है और किसी भ्रष्ट बाबू का चेहरा सामने आ जाता है। लेकिन महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के गरीब स्कूली बच्चों के लिये ये बाबू किसी देवदूत के समान हैं जो कि उन बच्चों की हर संभव मदद करते हैं। इसके लिये बाबुओं ने एक संस्था भी बनाई है जिसका नाम है 'लांजा राजापुर संघमेश्वर तालुका उत्कर्ष मण्डल '।


राष्ट्रीय स्मारकों के साथ हम कैसा सलूक करते हैं यह भी बताते हैं आशीष। शैम्पू की उत्पत्ति के बारे में सुने । उपेन्द्र प्रसाद के सौजन्य से फान्ट समस्या पर भी विचार किया गया।

"जिंदगी जिंदादिली का नाम है, मुर्दादिल क्या खाक जिया करते हैं" के बुलंद नारे तथा "अगर आज नहीं तो कल हमारा होगा के विश्वास के साथ" खाली-पीली की सुनाने के लिये आ गये आशीष कुमार श्रीवास्तव तथा शुरुआत की अपनी बचपन की यादों से।

जो न कह सके वह कहने के लिये सुनील दीपक ने शुरुआत की है। सुंदर नियमित चित्रमय चिट्ठे देखकर यह आशा जगती है कि जल्द ही हिंदी चिट्ठाजगत में नियमित न लिखने का रोना खत्म हो जायेगा। सुनील अंग्रेजी में अरे क्या बात है? तथा इतालवी में आवारगी नाम से भी ब्लाग लिखते हैं।

ब्लाग एक्सप्रेस के प्लेटफार्म पर स्वतंत्रता का जश्न चल रहा है। शेरो शायरी, नेट मटरगश्ती से लेकर भिखारियों की गिनती तक सब हो रहा है पर न जाने क्यों मिर्जा, छुट्टन, शर्माजी, कल्लू पहलवान इत्यादि के किस्से गायब है। जीतू भाई ने कई वायदे कर रखे हैं जिनमे अपनी जीवनी, बारात के किस्से और न जाने क्या क्या सुनाना शामिल है। इन आश्वासनो मे हर बार पुछल्ला लगा रहता था कि "कभी समय मिलने पर लिखूँगा।" अब मिल गया है तो देर किस बात की?

रति जी ने चप्पलों के नाम एक अत्यंत खूबसूरत ऋचा लिखी है। इसको पढ़कर लगता है कि चप्पलें वह तोता हैं जिसमें उनकी जान बसती है:-


चप्पले मेरा व्यक्तित्व हैं, चप्पलें मेरा वजूद हैं
चप्पलें मेरी ऊँचाईँ हैं जिसकी सीढ़ी से मैं आसमान छू सकती हूँ
चप्पले मेरा वर्तमान और भविष्य है।
चप्पले मेरे परिधान की खूबसूरती हैं।
एक जेवर कम हुआ तो कोई ध्यान नहीं देगा किंतु
चप्पल की एड़ी टूटी हो तो सारी दुनिया की नजर गढ़ जाएगी


लालू खिलौना, नरेन्द्र चंचल के बाद अतुलने लिखा माजरा क्या है?

भूखी डाँस बार बालाऐं मचाती गुहार
हवलदार फाड़े सबकी सलवार
कान मे डाल के तेल है बैठी
जनता की सरकार
भईये आखिर माजरा क्या है?

कहीं गुड़िया कहीं इमराना कहीं भँवरी कहीं अनारा
कठमुल्लों की अदालतो के चैनल कराते दीदार
भईये आखिर माजरा क्या है?

सूखी धरती सिकुड़े दरिया खाली बाल्टी सूनी नजरिया
फिर भी मल्टीप्लेक्स में बहती पेप्सी की धार
भईये आखिर माजरा क्या है?


अतुल श्रीवास्तव भगवान को उलाहना देते हैं।


समाजवाद नाम से अमरसिंहजी ने अपने व्यक्तिगत विचारों के सम्प्रेषण के लिये चिट्ठा शुरु किया है। समय बतायेगा कि कितने ईमानदार रहते हैं प्रयास व्यक्तिगत विचार प्रकट करने के। सेवाभाव मे जनसेवकों की मनोवृत्ति का खुलासा करते हैं तथा मियांदाद के दाऊद से संभावित संबंध पर अपनी राय रखते हैं।

डा जगदीश व्योम आजकल सरल चेतना के निर्माण में लगे है तो भाई लोग स्वर्ग-दर्शन में लगे हैं।

हनुमानजी खुश(!) होकर बता रहे हैं - साला मैं तो साहब बन गया।

फुरसतिया में कहानी के आगे की कहानी की बात की गयी।

गुगल की छोटी सी गफलत ने कैसे दो कुट्टियों को मिलाया, बताते है वर्नम। इधर वर्नम ने कम्युनिस्टो की खूब खबर ली है। काटो , चिपकाओ और भूल जाओ
चुग्स जो प्रति शनिवार रोचक कड़ियाँ अपने ब्लाग पर छापते हैं, अखबारो की कटिंग चाय परोसने वालो की खबर ले रहे हैं। जब कि पैट्रिक्स खुद चुग्स की खबर ले रहे हैं यह बताते हुए कि सारे चिठ्ठाकार खबरचोर नही।

मशहूर अखबार हिंदू ने चिठ्ठाकार सम्लेलन की रिपोर्ट छापी है।

क्रिकेट के शौकीनो के लिए खुशखबरी। रेडिफ के मशहूर क्रिकेट लेखक प्रेम पनिक्कर का चौथा अँपायर मैदान में आ गया है।

अमित वर्मा अंग्रेजी के धुंआधार लिखने वाले चिट्ठाकारों में है। कुछ दिन पहले रोहित पिंटो की दुकान बंद करा चुके हैं। अब लोग अमित वर्मा की पोल खोलने में लगे हैं। इस काम के लिये बाकायदा लोगों का सहयोग मांगा गया है। कुछ लफड़ा तो इस बात का है कि अमित ने अपनी खुली बुराई सुनने के सारे रास्ते बंद कर दिये हैं। जबकि दूसरे चिट्ठाकार अपने ब्लाग पर टिप्पणी स्वीकार करते हैं वहीं अमित ने आलोचना का रास्ता बंद कर रखा है। जो हो यह ब्लाग नहा धोकर अमित वर्मा के पीछे पढ़ा है और अमित हैं कि बोलते नहीं।

Post Comment

Post Comment

बुधवार, जून 01, 2005

बांगड़ू कोलाज और चाबुक की छाया

खबर लिखे जाने तक हिंदी ब्लॉग जगत में निम्नलिखित नये चिट्ठे जुड़े हैं

सभी नये साथियों का स्वागत है हिंदी चिट्ठा संसार में। आशा है कि इन साथियों का लिखना जारी रहेगा। चिट्ठों की बात करें तो यह प्रतीत होता है कि लिखने की तीव्रता में कुछ कमी सी आयी है। जो लोग लिख रहे हैं उन पर टिप्पणियों की मात्रा भी कम हुयी है। शायद लोगों की अपेक्षायें बढ़ी हैं तथा अब हर प्रविष्टि पर वाह-वाह करने की आदत लोगों ने कम कर दी है।

बहरहाल चिट्ठों के माहवार सफ़रनामे की शुरुआत चौपाल की बात से। अक्षरग्राम में अनुनाद ने नवीं अनुगूंज के विषय "आशा ही जीवन है" का अवलोकनी चिट्ठा सविस्तार लिखा। दसवीं अनुगूंज के लिये रवि रतलामी ने विषय दिया है -चिट्ठी। चिट्ठी पर चिट्ठाकारों की कलम का जादू बिखरना शुरु हो गया है। अगर आप इसे पढ़ रहे हों तो चूकें मत तथा लिख डालें पत्र अपने ब्लॉग पर। अक्षरग्राम पर ही देवनागरी की विशिष्टता बताते हुये दो लेख अनुनाद ने लिखे हैं। मधु किश्वर के दो लेखों का जिक्र विनय ने किया। दोनों ही लेख पठनीय है। जीतेन्द्र ने सूचना दी कि सन्तों और विद्वानों की सूक्तियां संग्रहीत की हैं उन्होंने। वे चाहते हैं कि और सभी लोग इस परियोजना का लाभ ले सकें।

पाकिस्तानी उलेमाओं ने फतवा जारी किया कि किसी इस्लामी देश मे सार्वजनिक स्थलों पर हमला इस्लाम की नज़र में हराम है। इस फतवे की विसंगतियों पर नज़र डाली रमण कौल ने, जिनके चिट्ठे के नये कलेवर पर ऐश्वर्या राय की दिलकश फोटो बस देखते ही रह जाने का मन करता है। (अनूप भाई, ये पंक्तियां भाभी जी तक पहुंचने न दें, कहीं आपकी शामत न आ जायेः सं०)

स्वामीजी खुन्नस निकालते हैं उन पत्रकारों पर जो भारत की छोटी-छोटी उपलब्धियों से खुश होकर देश की प्रगति का ढोल पीटने लगते हैं। वे आगे कहते हैं-
काश कोई पत्रकार ऐसा कुछ लिखे, ”अगर हर देसी, लालू और जयललिता समेत, इमानदार, मेहनती और सुपर बुद्धिमान हो जावे तो भी कम से कम १०० बरस लगेंगे इस उजडे चमन का हुलिया सुधारने के लिए और अमेरिका जैसे देशों (तथा) पाकिस्तान, चीन जैसे पडोसियों के चलते ये डेडलाईन भी मीट नही होगी! ”
स्वामीजी, जो कौम ईमानदार, मेहनती तथा बुद्घिमान होती है उसके लिये समय के पैमाने भी दूसरे होते हैं। १०० साल की फाइल को वो १० सालों में 'जिप' कर सकती है। वैसे स्वामीजी ने घरफूंक तमाशा देखने का शौक भी पाल लिया है। फिर बताया कि मुफ्त की सेवायें प्रदान करने वाली कंपनियां अब साथ में विज्ञापन का कचरा भी देंगी - मुफ्त में, दान के बछड़े के दांत नहीं गिना करते भई!

कविता सागर में मुनीश ने कुछ कालजयी कवितायें और प्रकाशित कीं। रवि ने हिंदी लिनक्स की कहानी बतायी। बाल विवाह रोकने के लिये सामाजिक उदासीनता का जिक्र भी किया। बाद में यह खबर मिली कि एक महिला अधिकारी ने बाल विवाह के खिलाफ लोगों में जागरुकता पैदा करने की कोशिश की तो लोगों ने उसके हाथ काट डाले। समाचार पत्र खबर को प्रकाशित करने की कर्तव्य पूर्ति करके बाकी जगह कैसे सहवाग का गिरेबां राइट ने पकड़ लिया था, इसकी जानकारी देने में मशगूल हो गये। यही पत्रकारिता है बॉस, हम चिट्ठाकार बस यूँ ही भले।

अपने जापानी मत्सु भाई भी बी.ए. हो गये और लगे कहानी सुनाने छुट्टियों की। पर्यावरण के खतरों से आगाह करते हुये आशीष आंख के इलाज की जानकारी देते हैं। इंग्लैंड के लोगों के व्यवहार के बारे में आशीष का कहना है कि रस्सी जल गई ऐंठ नहीं गई। साथ ही प्रधानमंत्री जी को खुला पत्र लिखकर देश के विकास के सूत्र सुझाये।

अगर कम्प्यूटर का अविष्कार कालिदास के समय हो जाता तो शायद हमें मेघदूत जैसा काव्यग्रंथ न मिलता कुछ यही कहना है विजय ठाकुर का जो भारत आने की खुशी में एक के बाद एक लगातार तीन किस्से सुना गये मकान के बारे में ।

इस महीने सबसे ज्यादा सक्रियता से लिखने वालों में एक रहे तरुण। उन्होंने निठल्ले चिंतन की जन्मकथाबताई। अंदाज बरकरार रखते हुये उन्होंने अनुगूंज के लिये पाती लिखी प्रिटी वूमेन के नाम
। फिर बन गये मुंगेरीलाल। मुंगेरीलाल ने जहां हसीन सपने देखने शुरु किये वहां दौड़ा लिया पुलिस ने। फिर तो इन्हें हर कोई चोर नजर आने लगा। "शराबी" नामक फिल्म में अमिताभ बच्चन का किरदार नायिका के बारे में कहता है कि उसके एक इस आंख से आंसू एक उस आंख से। हर एक की कीमत लाख-लाख रुपये। भावुक नाटकीय दृश्य देखते हुये ऐसे ही लखटकिया आंसू निरंतर गिरते हैं देबाशीष की आंखों से, तब भी इनकी आंखें देख ही लेती हैं जेनरिक गोरखधंधा। नेपाल से सालोक्य पशुपतिनाथ मंदिर में चंदे के गोलमाल होने की जानकारी दे रहे हैं।

नई हस्ताक्षर प्रत्यक्षा अपने चिट्ठे की शुरुआत आशा जगाती है। इसके पहले वे खुशी को कुछ यूं परिभाषित करती हैं-
खुशी एक ऐसी सफेद चादर है
जिसे ओढ़ते ही
मैं अदृश्य हो जाती हूँ
उन तमाम ग़मों से
जो घात लगाये बैठे हैं
दबोच लेने को मुझे
अपने खूँखार पंजों में।
२५ मई को तेईस साल पूर्ण करने वाली मिकेला दानली अपने परिवार, भविष्य योजना तथा अपनी चाची बनने की ख़्वाहिश के बारे में बताती हैं। प्रतीक श्रीवास्तव ने लिखना शुरु किया और जूझने लगे उस सवाल से जिससे हर शुरुआती ब्लॉगर जूझता है - क्या लिखूं? महावीर शर्मा की यादों के नगमें शुरु हुये तो पिता ने भावुक तथा प्रेरक पत्र भेजा पुत्री को। इसी श्रृंखला मेंससुराल से भी चिट्ठी आती है तथा अंतत: ससुराल ले जाती है।

भगवान को किस रूप में देखती हैं मानसी, जानें। सपनों की व्याख्या के लिये परेशान जीतेन्द्र कंडोम के जुगाड़ू इस्तेमाल में लग गये। उन्होंने उमेश शर्मा की कविता अहले वतन भी पढवाई हम लोगों को। रति सक्सेना ने कवितायें पिहरन तथा दीवारें लिखीं-
तुम आए
एक दीवार बन
तमाम खतरों का
सामना करने के लिये

धूप चमकी
मैं घिर गई दीवारों से

तुम उड़ गये कभी के
भाप बन
खतरे दीवारों के भीतर आ गये


इस महीने संभवतः सर्वाधिक तथा रोचक पोस्ट लिखीं अतुल ने। भैंस के दर्द से बात शुरु की, फोटो सेवाओं को जम के दुहते हुये'विश लिस्ट' बनायी। शंकरजी से गांव वालों की बातचीत पढ़कर लगा कि भगवान भी मजबूत शेयर पर दांव लगाते हैं। लोग प्रतीक्षा कर रहे थे भैंस के दर्द की कहानी सुनने के लिये पर अतुल फूट लिये बांके बिहारी को 'गो कार्ट' की सैर कराने। लौटे तो राजा का बाजा बजाने लगे। किस्सा-ए-बारात रोचक रहा, पर यह भी पता चलता है कैसे अतुल कामचोरी करते हैं तथा कहीं से भी पत्र न लगती कहानी पर अनुगूंज का ठप्पा लगा देते हैं।

पंकज ने बड़े दिनों के बाद तीन मूली के पराठे खा कर दो पोस्ट लिखी, देबाशीष के टैग वाले लेख की आगे की कड़ी के रूप में टैग की दुनिया से रूबरू कराया। विनय बता रहे हैं कि जब तक हम अपने गिरेबां में झांककर अपनी सेवाओं का विस्तार अपने लोगों तक नहीं करेंगे तथा सेवा की गुणवत्ता में में सुधार नहीं लायेंगे तब तक हमारा भला नहीं होगा।

भोपाली भाई दुविधा में दिखे जब बात आयी आपरेटिंग सिस्टम खरीदने की। इसे वे बुद्घत्व तक पहुंचा कर चिंता मुक्त हो गये। बौद्ध धर्म में रुचि रखने वाले हेमंत पंचतंत्रनुमा लघुकथायें सुनाते हुये बताते हैं-
"घोड़ा जब दौड़ने को तत्पर हो तो चाबुक की छाया भी काम कर जाती है"
ठेलुहई की परम्परा के बारे में बताते हुये फुरसतिया पहुंच गये अपने यार की बारात में जहां दूल्हा नजर आया उन्हें बांगड़ू कोलाज-
पर बारात का केन्द्रीय तत्व तो दूल्हा होता है। जब मैं किसी दूल्हे को देखता हूं तो लगता है कि आठ-दस शताब्दियां सिमटकर समा गयीं हों दूल्हे में। दिग्विजय के लिये निकले बारहवीं सदी के किसी योद्धा की तरह घोड़े पर सवार। कमर में तलवार, किसी मुगलिया राजकुमार की तरह मस्तक पर सुशोभित ताज (मौर), आंखों के आगे बुरकेनुमा फूलों की लड़ी - जिससे यह पता लगाना मुश्किल कि घोड़े पर सवार शख्स रजिया सुल्तान हैं या वीर शिवाजी, पैरों में बिच्छू के डंकनुमा नुकीलापन लिये राजपूती जूते और इक्कीसवीं सदी के डिजायनर सूट के कपड़े की बनी वाजिदअलीशाह के समय की पोशाक। गोद में कंगारूनुमा बच्चा (सहबोला) दबाये दूल्हे की छवि देखकर लगता है कि कोई सजीव 'बांगड़ू कोलाज' चला आ रहा है।


अब कुछ बात अंग्रेज़ी चिट्ठों की। हथियारों की होड़ में दुनिया पागलों की तरह दौड़ रही है। जितना हम इस पागलपन से बचेंगे, विकास के रास्ते आसान होते जायेंगे बताते हैं अतानु डे। अपने मित्र के नवजात शिशु को दुनिया में आने पर शुभकामना संदेश के बहाने वे अपने आपको पहचानने की बात कहते हैं। ज्ञान की परिभाषा बताते हुये गौतम घोष इन्फोसिस की कुल मानव संपदा के बारे में जानकारी देते हैं। हाइड्रोजन से चलने वाली कार के बारे में जानकारी देते हुये मनमोहनी सरकार के एक साल पूरा करने पर खुद को ६/१० नंबर देने पर अपना दृष्टिकोण बता रहे हैं इंद्र शर्मा।

हनुमानजी की पूजा करनी हो तो चलिये सेपिया के ब्लॉग पर। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस पर फिल्म बनी नहीं कि विवाद शुरु हो गये बता रहे हैं अमरदीप। हेमन्त अपनी मनपसंद किताब के हवाले से साफ्टवेयर के सिद्धांत बता रहे हैं।

जो है और जो चाहते हैं के बीच दूरी हमेशा बनी रहती है कुछ यही बताती है यह कविता। किसी का लिखा पढ़कर बहुत लोग सोचते हैं कि वे उससे बेहतर लिख सकते हैं। पर लिखना और सोचना अलग बातें हैं। अपनी सोच को जस का तस लिख पाना आसान तो नहीं होता। विस्तार से जानना है इस तथ्य को तो ये लेख पढ़ें। सूचना तथा अनुभव के अंतर की व्याख्या करते हैं प्रो.रमेश जैन जिन्होंने अपने सकुशल बचने का साल पूरा किया।

साफ्टवेयर की शादी करा के सदगोपन जायजा लेते हैं मोनोब्लॉग, ग्रुपब्लॉग आदि का। भारतीय ब्लॉग मंडल की विज्ञान वार्ता का ब्यौरा देखते हुये सोचते रहे कि हमारा चिट्ठा ज्ञान-विज्ञान कब दिखेगा यहाँ? ब्लॉगरों का जमावड़ा होगा तो खबर भी बनेगी। बंगलौर के ब्लॉगर देखिये यहां जिसके बारे में खबर है यहां इसी से तमाम दूसरी कड़ियां भी जुड़ीं हैं।

बम्बई, बुरका, आइसक्रीम एक साथ देखनी हो तो आइये यजद की दुकान पर। आतंकवाद से कम खतरनाक नहीं है एड्‌स, कह रहे हैं नितिन पई। मार्केट रिसर्च का नजारा देखने का मन करे तो देखिये चारुकेसी की नजर से। कलकत्ते का नजारा देखना हो, जल्दी में ढेर सारा देखना हो, मुर्गा बिल्ली प्यारा देखना हो, तो दीपक की शरण लें।

खुदा की बनायी तितलियां क्या इतनी खूबसूरत होती हैं जितना नीलेश काकैमरा देखता है! डाक्टरी की पढ़ाई कितनी कठिन है जानिये इंजीनियर गौरव से। ऐसा तमिलनाडु में ही होता है यह बात हो रही थी चाय के अड्डे पर। दुनिया कैसे खत्म होगी ये तो रविकिरन ही बता सकते हैं।

भारत सरकार मेहरबान होने की सोच रही है ब्लॉगरों तथा नेट पर लिखने वालों पर यह बताते हुये दीना मेहता दिखा रही हैं गांव की तस्वीर। किरुबा शंकर बता रहे हैं खूबसूरत तस्वीर के बहाने ब्लॉगिंग का मतलब। इसके अलावा वे बताते हैं ब्लॉग से पैसा बनाने का तरीका तथा बंगलौर मैराथन का किस्सा।

आदमी की इज्जत करना भगवान की पूजा करने के समान है यह मानना है अलका द्विवेदी का। अपनी खुद की साइट पर ब्लॉग कैसे शुरु किये जायें यह जानकारी चेतन से मिलती है। अमित वर्मा के ब्लॉग पर जानकारी मिली तमाम उन ब्लॉग पोस्ट की जिनको आप पढ़ना चाहेंगे। वे बताते हैं कि अपने ब्लॉग में टिप्पणी की सुविधा किसलिये नहीं दी है उन्होंने। पैट्रिक बताते हैं कुछ महिलाओं के लिखे ब्लॉग के बारे में जिनकी रुचि राजनीति में है।

Post Comment

Post Comment

Google Analytics Alternative