मंगलवार, जुलाई 21, 2009

प्रभु जी मोहे साहित्यकार कहौ


साहित्य
नमस्कार !

चिट्ठा चर्चा साहित्य में आपका हार्दिक स्वागत है । चर्चा के साथ साहित्य शब्द के इस्तेमाल पर आप अवश्य चौंके होंगे । पर आपने अगर टिप्पणी में यह कह दिया कि चर्चा साहित्य नहीं है तो आपसे ज्यादा हम चौंक जायेंगे । कोई हमें बताये कि जब सस्ता साहित्य होता है, अश्लील साहित्य होता है, और मस्तराम साहित्यकार हो सकते हैं तो क्या हम साहित्यकार नहीं हो सकते ? जी हाँ आज से हम साहित्यकार हैं और घोषणा की जाती है कि हमारे द्वारा जो भी लिखा जायेगा वह साहित्य कहलायेगा । और तो और हम अपने ऑफ़िस में जो लॉग लिखेंगे वह भी साहित्य होगा । हम संप्रभु साहित्यकार हैं और हमें किसी से सर्टिफ़िकेट लेने की आवश्यकता नहीं है । जो साहित्य की परिभाषा पूछते-पूछते थक गये उन्हें लोगों ने ब्लॉगर कह दिया । बात हो रही है समीर जी की । कहते हैं :


जिसको देखो बस एक लाईन बोल कर भाग जाता है कि साहित्य नहीं रचा जा रहा है ब्लॉग पर। मगर कोई ये बताने तैयार ही नहीं कि आखिर साहित्य होता क्या है, क्या है इसकी परिभाषा और हमें क्या करना होगा कि साहित्य रच पायें। बहुत बार और बहुत जगह जाकर पूछा, रिरिया कर पूछा, गिड़गिड़ा कर पूछा मगर जैसे ही पूछो कि आखिर साहित्य है क्या, भाग जाते हैं। बताते ही नहीं॥मानो सरकार बता रही हो कि भारत का विकास हो रहा है। पूछो कहाँ, तो भाग जाते हैं? आप खुद खोजो।

पर शिवकुमार मिश्र भी मोम के नहीं बने थे लिहाजा नहीं पिघले । दुखद टिप्पणी कर ही दी । कहते हैं :


बेहतरीन पोस्ट है। कार्टून तो गजबे है। विकास और साहित्य, दो बिलकुल अलग विषय एक ही जगह....ऐसा एक ब्लॉगर ही कर सकता है।

विश्वामित्र की कथा याद आती है कि उन्होंने ब्रह्मर्षि कहलाने के लिये बहुत तपस्या की थी । हम होते तो खुद को ब्रह्मर्षि घोषित कर दिये होते । बात खतम । चर्चा अभी बाकी है, जाइयेगा नहीं ।


बात करते हैं सुरेश चिपलूणकर जी की जो आज जमकर बरसे हैं । हालाँकि कॉपी सुविधा न होने के कारण हम उस लेख के अंश यहाँ नहीं दिखा पा रहे हैं पर इतना कह सकते हैं कि आज जिसने यह लेख नहीं पढ़ा उसने कुछ नहीं पढा़ ।


ब्लॉग जगत के अब तक ज्ञात ब्लॉगरों में सबसे भारी धीरू सिंह जी शेर सिंह के पीछे लग गये हैं । भारी ब्लॉगर हैं लिहाजा इनकी बात में भी वजन है ।


कल सूर्यग्रहण है । भारत में सूर्यग्रहण हो या चन्द्रग्रहण ये किसी त्योहार से कम नहीं होते । इनके बारे में लोगों के मन में कई तरह की भ्रांतियाँ होती हैं । अरविंद मिश्रा जी बड़े रोचक ढंग से सूर्यग्रहण की गहराइयों को नाप रहे हैं । एक झलक देखिये :


आख़िर सूर्यग्रहण क्यों लगता है ? यह सवाल जब हजारो साल पहले लोगों ने गुनी जनों /तत्कालीन बुझक्कडो से पूंछा होगा तो अपने तब के ज्ञान और कल्पनाशीलता के मुकाबले उन्होंने लोगों की जिज्ञासा शान्त करने के लिए जो कुछ कहानी गढी होगी वह विश्व के मिथकों का एक रोचक दास्तान बनी -भारत में यह कथा अदि समुद्र मथन से जुड़ती है जिसमें मंथन से निकले कई रत्नों मे से एक अमृत के बटवारे में राहु का छुप कर
देवताओं के बीच आ धमकना सूर्य और चन्द्रमा से छिपा नही रह गया तो उन्होंने विष्णु को इशारे से इस घुसपैठिये राक्षस के बारे में बता दिया और उन्होंने झटपट सुदर्शन चक्र से राहु का सर काट दिया , धड केतु बन गया -अब चूंकि वह अमृत पान तब तक कर चुका था इसलिए जिंदा रह कर आज भी सूर्य और चन्द्रमा को रह रह कर मुंह का ग्रास बना लेता है ! अब यह कहानी आउटडेटेड हो गयी है -आज हमें पता है की सूर्य की परिक्रमा के दौरान धरती और चन्द्रमा जो ख़ुद धरती की परिक्रमा करता है ऐसे युति बना लेते हैंकि सूरज के प्रकाश को देख नही पाते तब सूर्य ग्रहण लग जाता है ! दरअसल राहु केतु का कोई अस्तित्व नही है ! यह महज कपोल कल्पना है -हाँ ज्योतिषीय गणनाओं की परिशुद्धि के लिए इन्हे छाया ग्रह मानकर काम चलाया जाता है !

इस लेख पर Ghost Buster जी की टिप्पणी है :


काफ़ी सारा सीज़न तो लगभग सूखा बीत गया पर अब सूर्य ग्रहण के पास आते आते सावन को अपने कर्त्तव्य का स्मरण हो आया है। दो-तीन दिनों से घटाएँ छाई हैं और बूंदा-बांदी चालू है। हमारे यहां तो सूर्य ग्रहण खुद ग्रहण की चपेट में है। ईश्वर करे कि स्थिति
बने और हम लोग भी इस दुर्लभ घटना के साक्षी बन सकें। वैसे आप तो किस्मतवाले हैं,
वाराणसी में पूर्ण ग्रहण है। हम कुछ किलोमीटर से चूक गये। पूर्ण ग्रहण वाली पट्टी थोड़ा नीचे से गुजर रही है।

ज्योतिष के क्षेत्र में ब्लॉग जगत की जानी मानी हस्ताक्षर संगीता पुरी जी ने भी ज्योतिष के दृष्टिकोण से सूर्यग्रहण के बारे में जानकारी दी है । एक झलक :


वास्‍तव में ज्‍योतिषीय दृष्टि से अमावस्‍या और पूर्णिमा का दिन ही खास होता है। यदि इन दिनों में किसी एक ग्रह का भी अच्‍छा या बुरा साथ बन जाए तो अच्‍छी या बुरी घटना से जनमानस को संयुक्‍त होना पडता है। यदि कई ग्रहों की साथ में अच्‍छी या बुरी स्थिति बन जाए तो किसी भी हद तक लाभ या हानि की उम्‍मीद रखी जा सकती है। ऐसी स्थिति किसी भी पूर्णिमा या अमावस्‍या को हो सकती है , इसके लिए उन दिनों में ग्रहण का होना मायने नहीं रखता। पर पीढी दर पीढी ग्रहों के प्रभाव के ज्ञान की यानि ज्‍योतिष शास्‍त्र की अधकचरी होती चली जानेवाली ज्‍योतिषीय जानकारियों ने कालांतर में ऐसे ही किसी ज्‍योतिषीय योग के प्रभाव से उत्‍पन्‍न हुई किसी अच्‍छी या बुरी घटना को इन्‍हीं ग्रहणों से जोड दिया हो। इसके कारण बाद की पीढी इससे भयभीत रहने लगी हो। इसलिए समय समय पर पैदा हुए अन्‍य मिथकों की तरह ही सूर्य या चंद्र ग्रहण से जुड़े सभी अंधविश्वासी मिथ गलत माने जा सकते है। यदि किसी ग्रहण के दिन कोई बुरी घटना घट जाए , तो उसे सभी ग्रहों की खास स्थिति का प्रभाव मानना ही उचित होगा , न कि किसी ग्रहण का प्रभाव।

सूर्यग्रहण से सम्बन्धित और लेख पढ़ने के लिए भूपेन्द्र सिंह जी के ब्लॉग पर जा सकते हैं । अपने ब्लॉग पर भूपेन्द्र जी कहते हैं :


भारतीय खगोलविद आर्यभट्ट ने तारों की गति के अध्ययन के लिए लगभग एक हजार वर्ष पूर्व जिस स्थान पर शिविर लगाया था, उसी गांव में 21वीं सदी के सबसे लंबे सूर्य ग्रहण के दर्शन के लिए बुधवार को कई लोग एक बार फिर जुटेंगे। वह स्थान है बिहार की राजधानी
पटना से 30 किलोमीटर दक्षिण में तरेगना। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भी इस ऐतिहासिक खगोलीय घटना को देखने के लिए इसे सबसे उपयुक्त स्थान करार दिया है। गांव
के नाम का अर्थ निकालने पर लगता है कि तारों की गिनती के कारण ही इसका यह नाम पड़ा होगा।

आगे बढ़ते हैं, आज मुम्बई हमलों के दोषी कसाब ने अदालत में अपना जुर्म कुबूल कर लिया । लो मान गया कसाब... अब सुनाओ सज़ा । मंथन ब्लॉग पर कहा गया है :


अब संसद पर हमले के आरोपी अफज़ल गुरु को ही ले लीजिये... १३ दिसम्बर २००२ को संसद पर हुए हमले के आरोपी अफज़ल गुरु को २००६ में सुप्रीम कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई थी, लेकिन आज भी अफज़ल गुरु सही सलामत सरकारी मेहमान बनकर सरकारी आरामगाह यानी जेल में बैठा है... संसद पर हमले को लेकर जितनी चर्चा नहीं हुई थी उससे ज्यादा चर्चा तो अफज़ल गुरु की फंसी को लेकर होती रही है... सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी उसे फांसी नहीं दी गयी है...

आगे कहा गया है :शायद हमारे देश की यही बात है जो कसाब और अफज़ल गुरु जैसे गुनहगारों को हम पर बार बार हमला करने के लिए बढ़ावा देती है... क्योंकि वो अच्छी तरह जानते है की अगर हम पकडे भी जायेंगे तो भारत का कानून हमें ज़िंदा रखने में हमारा पूरा साथ देगा... और कानून अगर सजा सुना भी दे तो भी क्या... सज़ा के हुक्म की तामिल तो हिन्दुस्तान में होगी नहीं, तो फिर डर किस बात का जी भर कर हिन्दुस्तान की धज्जिया उडा सकते है... और ये हिन्दुस्तानी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पायेंगे... आज काव्य मंजूषा ब्लॉग पर अदा जी की कविता शूर्पनखा... पढ़कर दिल भर आया । आपका भी दिल भर जाये इसलिए पूरी कविता ठेले दे रहे हैं ।



शूर्पनखा...



शूर्पनखा ! हे सुंदरी तू प्रज्ञं और विद्वान्,


किस दुविधा में गवाँ तू अपना मान-सम्मान


स्वर्ण-लंका की लंकेश्वरी, भगिनी बहुत दुलारी


युद्ध कला में निपुण, सेनापति, पराक्रमी राजकुमारी


राजनीति में प्रवीण, शासक और अधिकारी


बस प्रेम कला में अनुतीर्ण हो, हार गई बेचारी


इतनी सी बात पर शत्रु बना जहान


शूर्पनखा ! हे सुंदरी तू प्रज्ञं और विद्वान्,



क्या प्रेम निवेदन करने को, सिर्फ मिले तुझे रघुराई ?


भेज दिया लक्ष्मण के पास, देखो उनकी चतुराई !


स्वयं को दुविधा से निकाल, अनुज की जान फँसाई !


कर्त्तव्य अग्रज का रघुवर ने, बड़ी अच्छी तरह निभाई !


लखन राम से कब कम थे, बहुत पौरुष दिखलायी !


तुझ पर अपने शौर्य का, जम कर जोर आजमाई !


एक नारी की नाक काट कर, बने बड़े बलवान !


शूर्पनखा ! हे सुंदरी तू प्रज्ञं और विद्वान्,



ईश्वर थे रघुवर बस करते ईश का काम


एक मुर्ख नारी का गर बचा लेते सम्मान


तुच्छ प्रेम निवेदन पर करते न अपमान


अधम नारी को दे देते थोड़ा सा वो ज्ञान


अपमानित कर, नाक काट कर हो न पाया निदान


युद्ध के बीज ही अंकुरित हुए, यह नहीं विधि का विधान


हे शूर्पनखा ! थी बस नारी तू, खोई नहीं सम्मान


नादानी में करवा गयी कुछ पुरुषों की पहचान


और अंत में बात कलम की । कम्प्यूटर के युग में कलम में लिखने वाले चन्द्रमौलेश्वर जी खबर लाये हैं :


पटना विश्वविद्यालय की सिंडिकेट ने तीन वर्ष तक गौर करने के बाद अब यह फैसला लिया है कि मटुकनाथ ने गुरु-शिष्य के सम्बंध को बट्टा लगाया है जिससे विश्वविद्यालय की छवि आहत हुई है। विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर एस।ऐ।अहसन ने सिंडिकेट की सिफ़ारिश पर मटुकनाथ को नौकरी से निकाल दिया है।

इन्हीं शब्दों के साथ हम अगले मंगलवार फ़िर मिलने का वादा करके निकलते हैं । आप सब दुआ करिये कि अगले मंगल तक कहीं ठन जाय ताकि चर्चा आल्हा में हो सके ।


चलते-चलते


प्रभु जी मोहे साहित्यकार कहौ,


मेरे शब्दन पै मत जाऔ, इनकौ अर्थ गहौ ।।


कब तक मोहि रखौगे ब्लॉगर सदियाँ बीत गईं ।


'ब्लॉगर' कहि-कहि सखा खिजावें इनकी मौज भईं ॥


कुण्डलियाँ, मुण्डलियाँ कितनी यूँ ही लिखत रह्यौ ।


ब्लॉगर-साहित्यकार भेद में सब साहित्य बह्यौ ॥


टंकी पै भी चढ़्यौ न फ़िर भी साहित्यकार भयौ ।


पूछत रहत लोग-वागन सौं भेद न मोहि दयौ ॥


Post Comment

Post Comment

सोमवार, जुलाई 20, 2009

जो बना रहे थे साफ्टवेयर, अब बनायें समोसा


नंदन नीलकेनी


ज्ञानजी देश में इलेक्ट्रानिफ़िकेशन की स्थिति पर अपने विचार व्यक्त करते हैं। सरकारी विभागों में इलेक्ट्रानिफ़िकेशन पर अपनी अपनी पीड़ा बताते हुये ज्ञानजी लिखते हैं:
यह हताशा अवश्य होती है कि ये लोग जब इन्फोसिस बना रहे थे तब हम दफ्तर की फाइल में नोटिंग पेज और करॉस्पोण्डेंस पेज पर नम्बर डालने और फ्लैग लगाने में महारत हासिल कर रहे थे।
ऐसा क्यों है कि सरकारी विभागों में इलेक्ट्रानिफ़िकेशन की हालत इत्ती गयी-गुजरी है? ज्ञानजी की राय में
ब्यूरोक्रेसी इलेक्ट्रॉनीफिकेशन नहीं चाहती। इससे उसका किला ढ़हता है। पावर कम होती है। जनता एम्पावर होने लगती है। जो भ्रष्ट हैं, उनके खेलने खाने के अवसर कम होने लगते हैं।

केंद्रीय कार्यालयों में तो थोड़ी-बहुत इलेक्ट्रानिकी चहल-पहल तो दिखती भी है। राज्य सरकारों में तो हाल और भी गये बीते हैं। वहां नंदन नीलकेनी को कौन जानता होगा! :)

प्रभातगोपाल ने अपने ब्लाग के एक साल पूरे होने पर अपने विचार बताये कि ब्लागिंग जितना आसान लगता है, उतना है नहीं

आजकल बराबरी का जमाना है। घरेलू कामकाम में पतिलोग अपनी पत्नियों की सहायता करने लगे हैं। लेकिन ऐसे पति लोगों के लिये कुछ घरवालों का क्या सोचना होता है यह बता रही हैं रचना त्रिपाठी:
अगर वह अपनी पत्नी के साथ किचेन में हाथ बँटा रहा है तो ‘जोरू का गुलाम’ कहलाने लगता है। अगर उसे अपनी पत्नी की परेशानी से तकलीफ होने लगे और वह उसे दूर करने के लिए कुछ उपाय करे तो उसे कुछ इस तरह कहा जाता है- “घरघुसना कहीं का, जब देखो तब अपनी बीबी का मुँह देखता रहता है। ...इतनी तपस्या से पाल-पोस कर बड़ा किया लेकिन बहू के आते ही हाथ से निकल गया।” अपने आप को कोसते हैं- ‘न जाने पिछले जन्म में कौन सा कर्म किया था जो हमें यह दिन देखने को मिल रहा है।’


आजकल अमेरिका की विदे्शमंत्री श्रीमती हिलेरी क्लिंटन भारत में पधारी हैं। ऐसे मौके पर अजय कुमार झा कहते हैं कि बस्स कुछ समय में ही भारत अमेरिका बनने वाला है। अजय कुमार झा एक सवाल भी उठाते हैं- शादी के कार्ड पर क्यों, एक्सपायरी डेट नहीं होती?

निर्मलानन्द अभयतिवारी अपने कबूतर की तरह के पक्षी हरेवा के बहाने अपने बारे में लिखते हैं:
कभी-कभी डर भी लगता है कि कहीं एक दिन ऐसा न आए कि लोग काम के लिए पूछना भी छोड़ दें। लोग पुर्सिश करते रहें और आप कहें कि अमां जाओ यार कहाँ फंसा रहे हो, हमें अपनी आज़ादी कहीं प्यारी है। मन-माफ़िक काम न मिले तो दो-चार पैंटो और नए-ताज़े असबाब की हवस के लिए रुपये के लिए गधा मजूरी करने से तो इन्कार की यह लज़्ज़त भली। नए कपड़े नहीं खरीदता हूँ, जहाँ तक हो सके बस और ट्रेन से चलता हूँ, सिगरेट छोड़ ही चुका हूँ। जब तक सर पर ना आ पड़े ग़ुलामी नहीं करेंगे ऐसा सोचा है।


संजीव गौतम कुछ दोहे पेश करते हैं:
शहरों में जा गुम हुआ, गांवों का सुख-नेह.
गांवों को भी हो गया, शहरों का मधुमेह.

गोदी में सूरज लिये, मन में गूंगी चीख़.
दोनों हाथ पसारकर, चन्दा मांगे भीख़.


आलोक पुराणिक आज बता रहे हैं कि मंदी के हालात में समोसा साफ़्टवेयर पर भारी है:
मंदी ने लीक बदलवा दी है, कईयों की। जो अमेरिका में साफ्टवेयर बना रहे थे, अब इंडिया में समोसे बनाने की टेकनीक सीख रहे हैं। मंदी में साफ्टवेयर कम बिकता है, पर समोसा मंदीप्रूफ होता है। बल्कि मंदी में ज्यादा बिकता है, जो साफ्टवेयर बनाने में बिजी नहीं होते, वो समोसे ज्यादा खाने लगते हैं। समोसे का महात्म्य समोसे से ज्यादा है। फिर भी पता नहीं, ज्यादातर इंस्टीट्यूट समोसा बनाना नहीं, साफ्टवेयर बनाना सिखाते हैं।


मंदी के मौसम की कहावतें रिलीज करते हुये वे बताते हैं
मंदी में टूटा लीक का भरोसा, जो बना रहे थे साफ्टवेयर, अब बनायें समोसा। काहे का यूएसए काहे की लीक, जो नोट कमवाये, सो समोसा ही ठीक। साफ्टवेयर से होते ना गुजारे, सो चलो समोसे के सहारे।


हम लोग नमस्ते क्यों करते हैं पता है आपको? न पता हो जान लीजिये लगे हाथों।

अजित वडनेरकर आज चूसने और चखने के किस्से सुना रहे हैं।

रमन कौल काफ़ी दिन बाद हमनाम हमसफ़र के बहाने ब्लाग पर आये:
केली हिल्डेब्राँड नाम की एक युवती फेसबुक पर थी। उसने सोचा, जैसा कि हम सब सोचते हैं, कि अपने नाम पर खोज की जाए। अब यह नाम तो इतना आम नहीं है, पर पता लगा कि फेसबुक पर उसी नाम का एक और प्रयोक्ता है, पर वह पुरुष है। उसे ऐसे ही एक संदेश भेजा, कि हम हमनाम हैं तो मैं ने सोचा नमस्ते कह दूँ। बात कुछ आगे बढ़ी, और कुछ समय बाद पुरुष केली सफर पर रवाना हुए और स्त्री कैली से मिल आए। बात फिर आगे बढ़ी और अब केली और केली शादी कर रहे हैं। जी हाँ, केला और केली नहीं, केली और केली।


बच्चे मन के सच्चे की तर्ज पर बुजुर्गों के लिये लिखते हुये विवेक सिंह रचते हैं:
बूढ़े, न समझो कूढ़े........

अगर पुरातनवादी हैं
फ़िर भी दादा-दादी हैं
हमको पाला-पोषा है
कल का नहीं भरोसा है
सेवा इनकी आज करें
इनके दिलों पर राज करें
इनके साथ बिताएं दो पल
दूर करें सन्नाटे.............


विवेक ने अल्पना वर्माजी से अनुरोध भी किया है कि वे इसे अपनी आवाज में गाकर इसे सुनवायें:
अल्पना वर्मा जी से विशेष रिक्वेस्ट है कि यदि संभव हो तो इस गाने को अपनी सुरीली आवाज में गाकर सुना दें । समीर जी कृपया इसे ट्राई न करें :)

अल्पनाजी के प्रयास का इंतजार है लेकिन वे अगर इसे गायें तो कूढ़े की जगह कू़ड़े कहें। समीरलालजी के ट्राई करने न करने के बारे में हम कुछ नहीं कहेंगे।

शयामल सुमन कहते हैं:

है प्रेमी का मिलन मुश्किल, भला कैसी रवायत है
मुझे बस याद रख लेना, यही क्या कम इनायत है
भ्रमर को कौन रोकेगा सुमन के पास जाने से
नजर से देख भर लूँ फिर, नहीं कोई शिकायत है


योगेन्द्र मोद्गिल फ़रमाते हैं:

चुटकुले तो मंच पर ऐंठे रहे
गीत-गजलों का मरण होता रहा

वोट- चंदा- लूट- हेराफेरियां
शहर में जनजागरण होता रहा



जादू
दिन पर दिन ब्लाग की दुनिया में नये-नये लिखने वाले जुड़ते जा रहे हैं। अभी -अभी फ़रवरी , २००९ में जन्म लेने वाले जादू भी अब ब्लाग की दुनिया से जुड़ गये हैं:
लो मैं आ गया । मेरा मतलब मैं 'जादू' ब्‍लॉगिंग की दुनिया में आ गया । आप सोच रहे होंगे कि भला 'जादू' भी कोई नाम हुआ । अरे भई छब्‍बीस फरवरी 2009 को जब मैं पैदा हुआ था तो मेरे बबलू चाचू ने पहले ही दिन देखकर कहा था--'अरे ये तो जादू है' । उन्‍हें मैं फिल्‍म 'कोई मिल गया' के 'जादू' की तरह cute जो लगा था । उसके बाद परिवार के सभी लोग मुझे 'जादू' ही कहते हैं । वैसे मेरा एक असली नाम भी है, जो मैं आपको आगे चलकर कभी बताऊंगा ।



काफ़ी दिनों से दिल्ली में ब्लागर सम्मेलन कराने के प्रयास चल रहे हैं। आज फ़िर अपील की गयी है!

दिल्ली में हुआ मेट्रो हादसा अभी जांच के दौर से गुजर रहा है। आदर्श राठौर का मानना है कि मैट्रो हादसा दैवीय प्रकोप का नतीजा! है!

प्रिंट मीडिया हिन्दी की कैसी दु्र्दशा कर रहा है देखिये:
यहाँ मैं हिन्दी समाचार पत्र 'दैनिक भास्कर', जो उसमें छपने वाली एक पंक्ति के अनुसार 'भारत का सबसे बड़ा समाचार पत्र समूह' है, द्वारा की जाने वाली हिन्दी की दुर्दशा का वर्णन कर रहा हूँ. इस पत्र में छपने वाले कॉलम इस प्रकार हैं - 'मानसून वॉच' और 'न्यूज इनबॉक्स'. अन्य नमूने - सिटी अलर्ट,सिटी इन्फो, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क,मार्केट डिजिट्स,वर्ल्ड स्पोर्ट्स, सिटी स्पोर्ट्स,आदि. गनीमत है की सिटी भास्कर , सिटी प्लस,सिटी हॉट और वूमन भास्कर में वे देवनागरी का प्रयोग कर रहे हैं. 'भास्कर classified' और 'DB स्टार' में तो उन्होंने देवनागरी को भी नहीं बख्शा है.


मुनीश आपको आज सैर करा रहे हैं कोणार्क की। देखिये और आनन्दित होइये। कोणार्क की मूर्तियों के बारे में विभिन्न मत हैं:
मूर्तियों के बारे में एक थ्योरी ये है की वर्षा का देवता इन्द्र इन दृश्यों को देख कर प्रसन्न होगा और समयानुकूल वर्षा होगी , दूसरी थ्योरी ये है की कलिंग युद्ध में हुए भीषण रक्त-पात के बाद आम-जन में वैराग्य व्याप गया और जनसँख्या में हो रही गिरावट से परेशान होकर तत्कालीन राजाओं ने जनता को विवाह संबंधों के लिए प्रेरित करने के मकसद से इन्हें बनवाया , तीसरा मत ये है की मूर्तिकारों को १२ वर्ष तक पूरी रचनात्मक छूट दी गयी मगर परिवार से दूर रखा गया और ये उनकी दमित आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति है , एक मत इन चित्रणों को जीवन की पूर्णता का गान मानता है . बहरहाल , भारत के गौरवमयी अतीत को जान पाना इस मंदिर को देखे बिना असंभव है ।


पाखी
कल आइसक्रीम डे था। इसकी जानकारी पाखी ने दी बाकायदे आइसक्रीम खाते हुये:
आइसक्रीम खाना मुझे बहुत अच्छा लगता है। कोई भी सीजन हो आइसक्रीम के बिना मेरा दिन पूरा नहीं होता। स्ट्राबेरी मेरा सबसे फेवरेट है. पर मैं बटर स्काच, चाकलेट, केसर पिस्ता, ब्लेक करेंट भी खा लेती हूँ। वेनिला तो मुझे अच्छी नहीं लगती है. मेरी टीचर बता रही थीं कि आज "नेशनल आइसक्रीम डे" है। यह हमेशा जुलाई मंथ के थर्ड संडे को सेलिब्रेट किया जाता है. यू.एस.ए. के प्रेसिडेंट रोनाल्ड रीगन को आइसक्रीम इतनी अच्छी लगती थी कि उन्होंने जुलाई को आइसक्रीम मंथ ही डिक्लेयर कर दिया, देखा न आइसक्रीम का कमाल. अब आप भी खूब आइसक्रीम खाओ। मैं तो चली एक और आइसक्रीम खाने कहीं मेल्ट न हो जाए ...हा..हा..हा...!!


और अंत में

हफ़्ते की शुरुआत में फ़िलहाल इतना ही। आपका हफ़्ता चकाचक शुरू हो इसके लिये शुभकामनायें।

Post Comment

Post Comment

Google Analytics Alternative